UP crime news: गोंडा में मोरंग व्यवसायी अपहरण कांड के आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मोरंग व्यवसायी के अपहरण मामले में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से अवैध असलहा, कारतूस और 58 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि अपहरण की घटना में शामिल दो बदमाश उमरिया पावर हाउस की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने उमरिया पावर हाउस के पास संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में विकास मिश्रा निवासी रामापुर भगाही (जिला गोंडा) के पैर में गोली लगी। वहीं उसका साथी सौरभ दुबे निवासी बनभरिया (जिला बस्ती) भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश विकास मिश्रा को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, विकास मिश्रा के खिलाफ अयोध्या जिले में चोरी समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सौरभ दुबे पर बस्ती के परशुरामपुर थाने में मारपीट सहित अन्य मामलों के मुकदमे दर्ज हैं।
यह पूरा मामला 2 मार्च को शुरू हुआ था, जब थाना क्षेत्र के पहली गांव निवासी सुशीला यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि काले रंग की थार गाड़ी से आए बदमाशों ने उनके पति अंकित कुमार यादव का अपहरण कर लिया था। अंकित को मोटरसाइकिल से कटरा तिराहा जाते समय अकबरपुर चौराहे के पास जबरन थार में बैठाया गया था। पुलिस ने इस मामले में चार टीमें गठित कर अपहृत अंकित कुमार यादव को सकुशल बरामद कर लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने 4 फरवरी को खोड़ारे क्षेत्र में निर्मल प्रसाद दुबे से 10 हजार रुपये लूटने की बात भी कबूली है।
