अलहदादपुर में डंपर की चपेट में आकर ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
अलहदादपुर नीवरी में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक ट्रैक्टर चालक की जान चली गई। यह घटना गुरुवार तड़के लगभग 4 बजे हुई, जब हरेंद्र (28) नाम का युवक, जो अलहदादपुर नीवरी में एक खाली प्लॉट में मिट्टी भरने के काम में लगा था, अपनी चारपाई पर सो रहा था।
जानकारी के अनुसार, हरेंद्र लोधा थाना क्षेत्र के हरदासपुर का निवासी था और उसने हाल ही में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खरीदी थी। रात भर मिट्टी डालने के काम के बाद थकान के कारण वह वहीं सो गया। इसी दौरान, मिट्टी खाली करने आए एक डंपर के चालक ने अंधेरे में बैक करते समय हरेंद्र को नहीं देखा और डंपर सीधे चारपाई पर चढ़ा दिया। डंपर का टायर हरेंद्र के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रोरावर पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मिट्टी से भरे डंपर को भी कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे से मृतक हरेंद्र के परिवार में मातम पसर गया है। वह अपने पीछे पत्नी सूरजमुखी और दो छोटे बेटे हिमांशु व दीपांशु को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन खनन अधिकारी को भी इस घटना की रिपोर्ट भेज दी गई है।
