कोहरे के कारण रोडवेज बसों की टाइमिंग बदली, रात में सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का प्रकोप जारी है, जिसके चलते परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हाल ही में हुई दुर्घटनाओं के बाद रोडवेज ने रात में चलने वाली बसों के समय में परिवर्तन करने का फैसला किया है। इसके साथ ही लंबी दूरी की बसों की संख्या में भी 25 प्रतिशत तक की कमी की जाएगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि चालकों और परिचालकों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें कहा गया है कि दृश्यता शून्य होने पर बस को हाईवे पर खड़ा करने के बजाय किसी सुरक्षित स्थान जैसे ढाबे या होटल के पास रोकें। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। आरटीओ ने भी टोल संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
रोडवेज के पास लगभग 800 बसों का बेड़ा है, जिसमें लंबी दूरी की 50 बसें संचालित हो रही हैं। प्रत्येक डिपो के व्हाट्सएप ग्रुप पर इन निर्देशों को साझा करने के साथ ही चालक-परिचालकों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है। एआरटीओ आलोक अग्रवाल ने बताया कि सभी टोल एवं लखनऊ व यमुना एक्सप्रेस-वे के अधिकारियों को भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
