हादसे का शिकार हुए भाजपा नेता के बेटे समेत तीन, तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई
मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर सोमवार देर रात एक अनियंत्रित कार के डिवाइडर से टकराकर सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ने के बाद भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कार सवार भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष संजय त्यागी के इकलौते बेटे अंकित त्यागी, उनके पीएसओ महेश कुमार और द्रोण अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा गुलावठी क्षेत्र के चिड़ावक कट के पास हुआ, जब बुलंदशहर से मेरठ की ओर जा रही क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर के ऊपर से उछलकर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई और सीधे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कार सवार लोग पोल्ट्री फार्म देखकर मेरठ लौट रहे थे। मृतकों में अंकित त्यागी (37), महेश कुमार (बुलंदशहर) और डॉ. आशुतोष (38) शामिल हैं। डॉ. आशुतोष, संजय त्यागी के द्रोण हास्पिटल सरधना में चिकित्सक थे। अंकित और डॉ. आशुतोष दोनों अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी, एसपी सिटी और सीओ मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण हाईवे पर काफी देर तक जाम लगा रहा और यातायात को डायवर्ट करना पड़ा। क्षतिग्रस्त कार को हटाने के बाद यातायात सुचारू किया गया। एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण कार के अनियंत्रित होने से हुआ है। कार की स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक होने का अनुमान है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
