कानपुर में एसी आउटडोर चुराते रंगेहाथ पकड़ा गया चोर, पुलिस के हवाले
कानपुर के जाजमऊ इलाके में एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक को एयर कंडीशनर (AC) का आउटडोर यूनिट चुराते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना केडीए कॉलोनी की है, जहां बुधवार रात एक चोर उमैर अब्बासी नाम के व्यक्ति के घर में घुस गया। चोर रस्सी की मदद से एसी का आउटडोर यूनिट उतारने की कोशिश कर रहा था, तभी मकान मालिक की आवाज सुनकर वह पकड़ा गया। आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को काबू किया गया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हमज़ा फ़ज़ल बताया और दलेलपुरवा का रहने वाला है। उसने कबूल किया कि वह 12वीं का छात्र था, लेकिन नशे की लत के कारण उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। नशे के लिए पैसों का इंतजाम करने के उद्देश्य से उसने यह चोरी की योजना बनाई थी।
थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एसी का आउटडोर यूनिट बरामद कर लिया गया है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
