0

The Family Man 3: श्रीकांत के असल जीवन में भी बीवी से खौफ खाते हैं मनोज बाजपेयी?

By Nov 21, 2025

लोकप्रिय जासूसी एक्शन थ्रिलर वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ में श्रीकांत तिवारी के किरदार से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता मनोज बाजपेयी ने अपने निजी जीवन से जुड़ा एक मजेदार खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि असल जिंदगी में भी वे अपनी पत्नी की डांट से बचने के लिए कई तरह के जुगाड़ करते हैं। यह बात उन्होंने अपनी को-स्टार निम्रत कौर के साथ एक खास बातचीत में कही, जहां दोनों ने ‘द फैमिली मैन’ के बहुप्रतीक्षित तीसरे सीजन से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चा की।

मनोज बाजपेयी ने बताया कि सीरीज का नया सीजन इस बार उत्तर-पूर्व भारत पर केंद्रित है। वे खुद देश के विभिन्न राज्यों और वहां होने वाली घटनाओं में गहरी दिलचस्पी रखते हैं। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा से उत्तर-पूर्व के राज्यों के कल्चर को करीब से देखना चाहता था। कई बार प्लान बना, पर किन्हीं कारणों से संभव नहीं हो पाया। जब इस बार कोहिमा (नागालैंड) जाने की बात आई तो मैं बहुत खुश हुआ।” उन्होंने बताया कि वहां जाने से पहले उन्होंने वहां के स्थानों, वहां तक पहुंचने के रास्तों और स्थानीय संस्कृति के बारे में काफी जानकारी जुटाई थी। मनोज ने नागालैंड को एक बेहद शांतिपूर्ण राज्य बताया और वहां की सड़कों व बुनियादी ढांचे की सराहना की। उन्होंने वहां की जनजातियों, उनकी भाषाओं और अंगामी भाषा के संपर्क भाषा के रूप में प्रयोग पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सीरीज की शूटिंग नागालैंड में की गई है, उससे दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ेगी और वे उस क्षेत्र के बारे में जानने में रुचि लेंगे।

वहीं, निम्रत कौर ने भी उत्तर-पूर्व से जुड़े अपने बचपन के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया, “मेरे पिता आर्मी में थे, इसलिए मैंने तीन साल अरुणाचल में बिताए हैं। मैंने बचपन से ही उत्तर-पूर्व को देखा है।” उन्होंने मेघालय की अपनी यात्रा का भी जिक्र किया, जहां उन्होंने ट्रेकिंग की और स्थानीय लोगों के साफ-सफाई के प्रति समर्पण को देखा। निम्रत ने कहा कि वहां महिलाएं परिवार की विरासत को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और वे सशक्त हैं। उन्होंने उत्तर-पूर्व की बहुसांस्कृतिक विविधता की भी प्रशंसा की।

मनोज बाजपेयी ने आगे कहा कि नागालैंड में होने वाले हार्नबिल महोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि उसे देखने दुनिया भर से लोग आते हैं। उन्होंने इस बात पर दुख जताया कि हम अपने ही देश के ऐसे खूबसूरत और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हिस्सों के बारे में बहुत कम जानते हैं। ‘द फैमिली मैन’ के इस नए सीजन से दर्शकों को न केवल रोमांचक कहानी देखने को मिलेगी, बल्कि उत्तर-पूर्व के अनछुए पहलुओं से भी रूबरू होने का मौका मिलेगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें