0

तनावग्रस्त रिटायर्ड फौजी ने लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मारकर की आत्महत्या

By Nov 20, 2025

सहारनपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव निवादा निवासी एक 53 वर्षीय रिटायर्ड फौजी ने कथित तौर पर तनाव के चलते अपने खेत में निजी लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूत्रों के अनुसार, मृतक अक्षय पुत्र रामपाल सिंह भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) से सेवानिवृत्त हुए थे। वर्तमान में वह भगवानपुर स्थित एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्यरत थे और साथ ही एक सिक्योरिटी एजेंसी भी चलाते थे।

परिजनों ने बताया कि अक्षय कुछ दिनों से मानसिक रूप से काफी तनाव में थे। बुधवार देर शाम वह अपने खेत की ओर गए थे। जब काफी देर हो गई तो परिजनों ने उन्हें फोन किया। फोन पर ही उन्होंने अपने तनाव में होने और आत्महत्या करने की बात कही। इसके तुरंत बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।

घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अक्षय की मृत्यु हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक अक्षय के दो बेटे हैं और वह फिलहाल थाना जनकपुरी क्षेत्र की गणपति विहार कॉलोनी में रह रहे थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है कि आखिर किस वजह से रिटायर्ड फौजी इतना तनाव में था और उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें