तेजस्वी के पुराने बयान पर विजय चौधरी का पलटवार, नीतीश के नेतृत्व की जमकर की तारीफ
पटना: बिहार विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर हो रही चर्चा के दौरान संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने नीतीश सरकार के 20 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता का आशीर्वाद बताया। उन्होंने विपक्षी दल पर चुनाव को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने विकास कार्यों पर मुहर लगाई है।
महिला रोजगार के तहत 10 हजार रुपये दिए जाने के सवाल पर विजय चौधरी ने स्पष्ट किया कि चुनाव घोषणा से पहले लागू की गई योजनाओं पर आदर्श आचार संहिता का प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल 10 हजार रुपये की राशि को मुद्दा बना रहा है, जबकि असलियत यह है कि यह राशि चुनाव से पहले की योजनाओं का हिस्सा थी। चौधरी ने कहा कि चुनाव परिणाम तो पिछले 20 वर्षों के सुशासन और विकास की उपलब्धियों का नतीजा हैं, जिन पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने एसआईआर (SIR) को लेकर हो रहे हंगामे को भी खारिज करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार जैसे व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय संस्था के प्रमुख बने हैं, जो बिहार के लिए गर्व की बात है।
विजय चौधरी ने दो साल पहले तेजस्वी यादव द्वारा दिए गए उस बयान का भी उल्लेख किया जिसमें उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थक गए हैं। चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि सच तो यह है कि आने वाली राजनीतिक पीढ़ी यह सोचेगी कि काश उनके समय में भी नीतीश कुमार जैसा दूरदर्शी नेता होता।
दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष पर चुनाव के संबंध में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य के 68 प्रतिशत मतदाताओं और 70 प्रतिशत महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर विकास के प्रति अपना विश्वास जताया है। सिन्हा ने सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। सात एक्सप्रेस वे का निर्माण, मेट्रो परियोजना, मां जानकी जन्मस्थली का विकास और 10 शहरों में घरेलू उड़ान की सुविधा जैसी पहलें विकास की गति को दर्शाती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब लालटेन युग के समर्थक भी एलईडी की रोशनी में रह रहे हैं। बालू माफिया पर कार्रवाई की बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा और घाट सरेंडर करने वालों की सुरक्षा राशि भी जब्त की जाएगी।
इससे पहले, विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर विरोधी दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव अपना संशोधन प्रस्ताव पेश नहीं कर सके। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार द्वारा उनका नाम पुकारे जाने पर भी वे सदन में उपस्थित नहीं थे। इसके बाद सदन ने बहुमत से राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया।
पटना-मसौढ़ी मार्ग बनेगा फोरलेन: संपतचक से परसा बाजार तक कनेक्टिविटी में होगा सुधार
बिहार की राजनीति में पाला बदलने की अटकलें तेज, चिराग और तेजस्वी के बयान से गरमाई चर्चा
बिहार में 17 हजार करोड़ की लागत से बिछेगी 400 KM नई रेल लाइन
बालिग की मर्जी सर्वोपरि: हाईकोर्ट ने युवती को पति संग जाने की दी इजाजत
पीएचईडी में बड़ी कार्रवाई: 5 जेई निलंबित, 4 एसडीओ और 1 ईई पर भी गिरी गाज
BPSC AEDO भर्ती: 935 पदों पर आवेदन का दूसरा मौका, जानें कब तक करें अप्लाई
राहुल-तेजस्वी की ‘गायब’ होने की आदत पर मंत्री का तंज, विपक्ष पर साधा निशाना
नीतीश का राजद पर हमला: ‘गड़बड़ की तो छोड़ दिया, अब साथ नहीं जाएंगे’
