आगरा विश्वविद्यालय में छात्रों को मिलेगी बड़ी सुविधा, बनेगा हाईटेक पॉडकास्ट स्टूडियो और लैंग्वेज लैब
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी हिंदी तथा भाषाविज्ञान विद्यापीठ में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। विद्यापीठ में जल्द ही एक अत्याधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो और हाईटेक लैंग्वेज लैब स्थापित की जाएगी। यह कदम भाषा शिक्षण को अधिक प्रभावी और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में उठाया गया है।
विद्यापीठ के निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने बताया कि उच्च शिक्षा संस्थानों में डिजिटल और व्यावहारिक शिक्षा का महत्व बढ़ गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए यह पॉडकास्ट स्टूडियो तैयार किया जा रहा है। इसमें विद्यार्थी ऑडियो जर्नलिज्म, डिजिटल मीडिया, साक्षात्कार कला, स्क्रिप्ट लेखन और प्रस्तुतीकरण का व्यावहारिक प्रशिक्षण ले सकेंगे। विश्वविद्यालय में आने वाले विशिष्ट अतिथियों के साक्षात्कार भी रिकॉर्ड किए जाएंगे, जिससे एक सशक्त डिजिटल संग्रह तैयार होगा।
हाईटेक लैंग्वेज लैब हिंदी व अन्य भाषाओं के विद्यार्थियों की उच्चारण शुद्धता, श्रवण क्षमता, संवाद कौशल और भाषायी आत्मविश्वास को विकसित करने में सहायक होगी। तकनीक आधारित यह लैब छात्रों को व्यावसायिक और वैश्विक स्तर पर सक्षम बनाएगी। यह लैब भाषाविज्ञान के शोध, अनुवाद और संप्रेषण से जुड़े अध्ययन को भी नई दिशा प्रदान करेगी।
