0

अलीगढ़ में सपा का प्रदर्शन: पुतला फूंकने पर पुलिस से भिड़ंत, इंस्पेक्टर ने निकाली पिस्टल

By Jul 24, 2026

अलीगढ़ में जौहर विश्वविद्यालय को ढहाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन शुक्रवार को हिंसक हो गया। कलक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठे सपाइयों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई जब वे केंद्र व प्रदेश सरकार का पुतला फूंकने लगे। पुलिस ने जब उन्हें रोका तो कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। इस दौरान सिविल लाइंस के इंस्पेक्टर द्वारा अपनी पिस्टल निकाल लेने से सपाइयों का गुस्सा और भड़क गया।

पुलिस का आरोप है कि पुतला दहन के प्रयास के दौरान कुछ लोगों ने इंस्पेक्टर के साथ अभद्रता की और कार्य में बाधा डाली। वहीं, सपाइयों का कहना है कि पुलिस प्रदेश सरकार के इशारे पर काम कर रही है और आवाज उठाने वालों पर पिस्टल तानी जा रही है। उन्होंने इंस्पेक्टर को निलंबित करने की मांग की। घंटों चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों के समझाने पर सपाई कलक्ट्रेट से हटे और धरना समाप्त कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस ने कहा कि कुछ लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष लक्ष्मी धनगर और महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताया और कहा कि लोकतंत्र में आवाज उठाना अधिकार है, जिसे दबाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस पर हठधर्मिता का आरोप लगाया।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें