अमेरिका को झटका! भारत ने चीनी कारोबारियों के लिए वीजा प्रक्रिया की आसान, टैरिफ के बीच उठाया कदम
भारत ने चीनी अधिकारियों के लिए व्यापार वीजा प्रक्रिया को तेज करने का फैसला किया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिका ने चीन पर रिकॉर्ड-उच्च टैरिफ लगाए हैं, जिससे वैश्विक व्यापार परिदृश्य बदल रहा है। भारत और चीन के बीच संबंधों में भी हाल के दिनों में सुधार देखा गया है, खासकर व्यापारिक मोर्चे पर।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने प्रशासनिक जांच की प्रक्रिया को कम कर दिया है। अब चीनी संस्थाओं को एक महीने के भीतर व्यापार वीजा जारी करने की योजना है। एक भारतीय अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर रॉयटर्स को बताया, “हमने प्रशासनिक जांच की परत को हटा दिया है और अब चार सप्ताह के भीतर व्यापार वीजा संसाधित कर रहे हैं।”
चीन के विदेश मंत्रालय ने भारत के इस कदम को ‘सकारात्मक कार्रवाई’ बताया है। मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन ‘साझा हित में लोगों से लोगों के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने’ के लिए भारत के साथ संचार और परामर्श बनाए रखने को तैयार है। उन्होंने कहा कि चीन आदान-प्रदान की सुविधा के स्तर को लगातार बढ़ाने के लिए उत्सुक है।
