झारखंड में कड़ाके की ठंड, 1.7 डिग्री तक गिरा पारा; मौसम विभाग ने जारी किया Yellow Alert | Jharkhand Weather News
झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मध्य और उत्तर-पश्चिमी भागों में शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मैकलुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया है, जिसने ठंड की तीव्रता को बढ़ा दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग (रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी) और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र (पलामू, चतरा, गढ़वा और लातेहार) में) शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। इन जिलों में घने कोहरे का भी असर देखा जा रहा है, जिसके कारण सुबह और देर रात सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में 2 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा या धुंध छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है।
