झारखंड BJP meeting: निकाय चुनाव की तैयारी पर मंथन, जिलाध्यक्षों के नामांकन पर चर्चा
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की कोर कमेटी की बैठक शनिवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश संगठन प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर संगठन को सक्रिय रखने पर विचार-विमर्श करना था।
बैठक में संगठन की आंतरिक स्थिति पर भी चर्चा हुई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल में लंबे समय से प्रदेश कार्यसमिति की बैठकें नहीं हुई हैं और न ही सदस्यों की कोई आधिकारिक सूची जारी की गई है। इससे संगठन के भीतर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
निकाय चुनावों की तैयारी के बीच पार्टी ने जिलाध्यक्षों के नामों को अंतिम रूप दे दिया है। केंद्रीय नेतृत्व ने इन नामों पर अपनी सहमति दे दी है। संगठन प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी जनवरी के पहले सप्ताह में रांची आएंगे। इसके बाद जिला चुनाव संयोजकों को जिलाध्यक्षों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया जाएगा। यह कदम स्थानीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
