झारखंड कांग्रेस SC विभाग की बैठक, Rahul Raj बोले- ‘SC सशक्त होगा तो पार्टी मजबूत होगी’
रांची स्थित कांग्रेस भवन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्षों और कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभाग के प्रदेश प्रभारी राहुल राज ने कहा कि अनुसूचित जाति विभाग के सशक्त होने से ही कांग्रेस पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए अनुसूचित जाति विभाग संगठन को सशक्त बनाने के बिंदुओं पर गंभीरता पूर्वक विचार विमर्श किया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि राज्य में अनुसूचित वर्ग को प्राप्त संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए विभाग सुनियोजित तरीके से अपनी बातें और मांगे सरकार के समक्ष रखेगा। इस दौरान अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष केदार पासवान ने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति वर्ग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विचारधाराओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मुस्तैदी से काम करेगा। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में एआईसीसी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्राप्त निर्देशों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश प्रभारी राहुल राज और प्रदेश अध्यक्ष केदार पासवान प्रमुख रूप से शामिल थे। बैठक में प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के सभी जिलों के अध्यक्ष और पदाधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने अपना मंतव्य प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखा।
