यूपी में कड़ाके की ठंड का कहर जारी, Kanpur Dehat समेत कई जिलों में शीत लहर
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को भी दिन की शुरुआत घने कोहरे और शीत लहर के साथ हुई, जिसके चलते सड़कों पर दृश्यता बेहद कम रही। कड़ाके की सर्दी के कारण आम जनजीवन के साथ-साथ पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए।
शीत लहर के कारण गलन इतनी बढ़ गई है कि लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। हाईवे और मुख्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ रहा है। सर्दी से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाकर तापते दिखे।
कड़ाके की ठंड के बीच, मेडिकल कॉलेज के बाहर भी तीमारदार अलाव के सहारे रात गुजारने को मजबूर हैं। घने कोहरे के कारण रेलगाड़ियों का संचालन भी प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को ठिठुरते हुए अपनी ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
