संत कबीर नगर: तेज रफ्तार का कहर, ट्रेलर में फंसे बाइक सवार 500 मीटर तक घिसटे; एक की हालत नाजुक
संत कबीर नगर के मेंहदावल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग बीएमसीटी पर एक भयावह सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद दोनों युवक ट्रेलर में बुरी तरह फंस गए और करीब 500 मीटर तक घिसटते रहे।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के बहोबोलिया गांव निवासी रोहित (22) और विकास (25) बाइक से टड़वरिया चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पास से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक ट्रेलर में फंस गए। इस दौरान ट्रेलर की चपेट में आने से एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने जब यह दर्दनाक मंजर देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को ट्रेलर से बाहर निकाला गया और मेंहदावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल विकास को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है।
