सीमा पर SSB और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.99 ग्राम स्मैक संग नेपाली तस्कर गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हजारा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंतरराष्ट्रीय स्तंभ संख्या 783/1 के पास एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। सूचना के आधार पर, सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों के साथ मिलकर पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की गई।
SSB जवानों और थाना पुलिस की इस संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए सीमा से लगभग सौ कदम भारत की ओर टाटरगंज गांव के पास घेराबंदी कर दी। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान, आरोपी के पास से 6.99 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम ललितराज पांडेय बताया, जो नेपाल के कंचनपुर जनपद के बेलाडांडी थाना क्षेत्र का निवासी है। उसने स्वीकार किया कि वह नेपाल से स्मैक लेकर भारत की ओर आ रहा था।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी से सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क में खलबली मच गई है।
इस कार्रवाई में SSB के सहायक कमांडेंट जोगेन्द्र सिंह, सहायक दारोगा हरीश कुमार गौड़, थाना के दारोगा राजकुमार, जवान कोठाले सतीश पराजी, गुंजन कुमार, मो. अख्तर सहित अन्य जवान शामिल थे। यह अभियान सीमा पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
