Saharanpur News: बाजार से लौट रही युवती से छेड़छाड़, CCTV में कैद हुई घटना
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में अपराध की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में, चिलकाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर दी है। युवती ने बताया कि वह सोमवार शाम करीब चार बजे अपनी चाची के साथ पठेड़ बाजार से सामान खरीदकर घर लौट रही थी। रास्ते में एक युवक मोटरसाइकिल पर आया और उसका पीछा करने लगा।
आरोपी युवक ने युवती के साथ अश्लील हरकतें कीं। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी की ये हरकतें पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई हैं। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना चिलकाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी घटना में, सहारनपुर कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान एक युवक पर उसकी पत्नी और रिश्तेदारों ने हमला कर दिया। बेहट के गांव डाडवा निवासी प्रवीण सिंह ने सदर बाजार थाने में तहरीर दी है। प्रवीण ने बताया कि 18 दिसंबर को वह पेशी के लिए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय के कोर्ट में उपस्थित होने के लिए जा रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी सलोनी, बलवंत और सास सलेलता ने उस पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने प्रवीण को सीढ़ियों से खींचकर नीचे गिराने का प्रयास किया। मारपीट में प्रवीण घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। सदर बाजार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
