साहिबगंज में विकास की बयार: आरओबी, कॉलेज और एयरपोर्ट से बदलेगी तस्वीर
साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी-अंबापाली के बीच रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) के निर्माण की योजना है। सूत्रों के अनुसार, रेलवे ने इस परियोजना के लिए पहल की है और जिला प्रशासन से जमीन की दर के बारे में जानकारी मांगी है। इसके बाद आरओबी निर्माण पर होने वाले खर्च का आकलन किया जाएगा और आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
अगले कुछ वर्षों में मंडरो प्रखंड की सूरत बदलने वाली है। पहाड़पुर मौजा में मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए जमीन चिह्नित की गई है। इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए 27 एकड़ जमीन सितंबर में ही उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है, जिसके बाद जल्द ही टेंडर आदि होने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज के लिए भी 25 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इंजीनियरिंग कॉलेज की जमीन देखने के लिए रांची की एक टीम ने पहाड़पुर मौजा का दौरा किया था और जमीन को उपयुक्त पाया था। टीम ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसके बाद जमीन हस्तांतरित कर दी गई। मेडिकल कॉलेज के लिए चिह्नित जमीन पर अभी बात आगे नहीं बढ़ी है।
मिर्जाचौकी थाना के भवन निर्माण के लिए पुलिस विभाग की ओर से जमीन की मांग की गई थी। इसके लिए तीन एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। यह जमीन मिर्जाचौकी-मंडरो मुख्य मार्ग के किनारे मिर्जाचौकी से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और सरकारी है, जिससे अधिग्रहण में सरकार को पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मंडरो प्रखंड आदिवासी बहुल है और जिले के पिछड़े प्रखंडों में गिना जाता है। मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज खुलने से इस क्षेत्र का विकास काफी तेज गति से होगा।
मंडरो में ही विश्व प्रसिद्ध फासिल्स पार्क का निर्माण कुछ साल पहले कराया गया था, लेकिन आवागमन की सुविधा ठीक न होने से अब तक वहां लोगों का जाना आना कम है। जिले में मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए काफी समय से जमीन की तलाश की जा रही थी।
सदर प्रखंड के हाजीपुर भिट्ठा में एयरपोर्ट के लिए करीब 494 एकड़ जमीन को चिह्नित किया गया है। इनमें कुछ भूमि रैयती तो कुछ सरकारी है। रैयती भूमि के अधिग्रहण पर करीब चार सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका विस्तृत विवरण सरकार को भेजा गया है। अब एयरपोर्ट आथोरिटी आफ इंडिया की टीम जमीन का जायजा लेगी जिसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
अपर समाहर्ता, साहिबगंज, गौतम भगत ने बताया कि मंडरो प्रखंड के पहाड़पुर मौजा में मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए भूमि चिह्नित की गई है। इंजीनियरिंग कॉलेज की भूमि विभाग को सौंप दी गई है और जल्द ही वहां भवन निर्माण का काम शुरू होगा। मिर्जाचौकी थाना के लिए भी वहीं तीन एकड़ जमीन दी गई है। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ वर्षों में मंडरो प्रखंड की सूरत बदल जाएगी।
