रुड़की डिपो को मिली राहत, बेड़े में जल्द शामिल होंगी दो नई BS-6 बसें
उत्तराखंड परिवहन निगम के रुड़की डिपो में जल्द ही दो नई बीएस-6 बसें शामिल की जाएंगी। इसके लिए कवायद तेज कर दी गई है। हालांकि, डिपो की वर्तमान स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है। डिपो के पास इस समय 22 ऐसी बसें हैं जो अपनी आयु पूरी कर चुकी हैं। इनमें से कई बसों को निष्प्रयोज्य घोषित कर दिया गया है, लेकिन फिर भी उन्हें सड़क पर उतारा जा रहा है। इसके अलावा, डिपो में करीब 17 अनुबंधित बसें भी कई वर्षों से संचालन में लगी हुई हैं।
इसी बीच, उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा लगभग 100 नई बसें खरीदने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इन नई बसों में से अधिकांश इलेक्ट्रिक बसें देहरादून में संचालित की जाएंगी। वहीं, रुड़की डिपो के लिए सिर्फ दो नई बीएस-6 डीजल बसें भेजे जाने की तैयारी शुरू हुई है। डिपो प्रभारी एजीएम अमिता सैनी ने बताया कि रुड़की डिपो से नई बसों की मांग लंबे समय से की जा रही है, क्योंकि पुराने बेड़े और कंडम घोषित बसों से संचालन करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में दो नई बसें रुड़की को आवंटित की जाएंगी, जिससे वर्तमान खटारा बेड़े पर कुछ भार जरूर कम पड़ेगा।
