लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में 30 जनवरी तक मिलेगा राशन, जानिए क्या है वजह
खाद्य एवं रसद विभाग ने लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में राशन वितरण की अवधि को 30 जनवरी तक बढ़ा दिया है। पहले यह वितरण 28 जनवरी तक ही होना था, लेकिन अंतिम दिनों में आई तकनीकी समस्याओं के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और जिला आपूर्ति अधिकारियों (DSO) को पत्र जारी कर राशन वितरण की अंतिम तिथि को दो दिन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
डीएसओ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अब ईपॉस मशीनों के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण द्वारा 30 जनवरी तक राशन का वितरण किया जाएगा। उपभोक्ताओं को मोबाइल ओटीपी के जरिए भी राशन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त, पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी जारी रहेगी, जिससे राशन कार्ड धारक अपनी सुविधानुसार किसी भी कोटेदार की दुकान से राशन ले सकेंगे। इस विस्तार से लाखों परिवारों को समय पर आवश्यक खाद्यान्न उपलब्ध हो सकेगा।
