0

रतलाम: चलती गाड़ी से लहसुन चोरी करते दो युवक गिरफ्तार, व्यापारी की सूझबूझ से दबोचे गए

By Nov 13, 2025

रतलाम जिले के नामली क्षेत्र में एक व्यापारी की सतर्कता और सूझबूझ से चलती गाड़ी से लहसुन चोरी करने का एक बड़ा प्रयास विफल हो गया। गुरुवार रात को कृषि उपज मंडी से जावरा की ओर जा रहे लहसुन से भरे एक लोडिंग वाहन से दो युवकों ने चोरी का प्रयास किया, जिन्हें व्यापारी ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नामली निवासी व्यापारी दिलीप पुत्र मोहनलाल राठौड़ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वे कृषि उपज मंडी नामली में व्यापार करते हैं। गुरुवार रात करीब 08 बजे उन्होंने जितेन्द्र चौधरी के लोडिंग वाहन में 213 नग लहसुन के कट्टे, जिनका कुल वजन लगभग 97 क्विंटल था, जावरा उतारने के लिए रवाना किए थे।

दिलीप राठौड़ अपने पुत्र शिवम के साथ अपनी कार से लोडिंग वाहन का पीछा कर रहे थे। रात करीब 8:30 बजे, जब वाहन नयापुरा फंटे के पास पहुंचा, तब व्यापारी दिलीप ने देखा कि दो व्यक्ति चलते वाहन पर चढ़ गए और उसमें भरे लहसुन के कट्टे एक-एक कर नीचे फेंकने लगे।

चोरी की वारदात को देखते ही व्यापारी ने तत्काल चालक जितेन्द्र को फोन कर गाड़ी रुकवाने के लिए कहा। वाहन रुकते ही दोनों चोर नीचे कूद गए, लेकिन व्यापारी दिलीप, उनके पुत्र शिवम और चालक जितेन्द्र ने मिलकर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम पुरणसिंह पुत्र नेपालसिंह राजपुत और दूसरे ने राहुल पुत्र मांगु बागरी बताया। दोनों आरोपित ग्राम मेवासा के निवासी हैं।

पकड़े गए दोनों आरोपितों को तुरंत नामली पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने व्यापारी दिलीप राठौड़ की शिकायत पर आरोपित पुरणसिंह और राहुल बागरी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में चलती गाड़ियों से होने वाली चोरी के प्रति सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें