लखनऊ KGMU में मतांतरण का दबाव, महिला रेजिडेंट ने की आत्महत्या की कोशिश; UP news
लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। इस दबाव से परेशान होकर महिला रेजिडेंट ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। यह मामला तब सामने आया जब KGMU अपना दीक्षा समारोह मना रहा था।
पीड़िता और आरोपी पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर दोनों पैथोलॉजी विभाग के प्रथम वर्ष के छात्र हैं। परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। जब महिला ने शादी की बात की, तो पुरुष रेजिडेंट ने उस पर धर्म बदलने का दबाव डाला। महिला द्वारा विरोध करने पर पुरुष रेजिडेंट ने संबंध तोड़ लिया। इस घटना से महिला मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने यह कदम उठाया।
पीड़िता के परिवार ने मुख्यमंत्री जन सुनवाई पोर्टल और राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। KGMU प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है और दोनों रेजिडेंट डॉक्टरों के परिजनों को बुलाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने महिला डॉक्टर के साथ खड़े होने का आश्वासन दिया है।
