प्रधानमंत्री आवास योजना: अलीगढ़ में घर बनाने के लिए मिलेंगे 2.50 लाख रुपये, ऐसे करें आवेदन
अलीगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नया पक्का मकान बनाने के लिए पात्र लाभार्थियों को 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं विधवा महिला लाभार्थियों को अतिरिक्त 20,000 रुपये की सहायता दी जाएगी, जिससे यह राशि अधिकतम 2.80 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। एक साल में निर्माण पूरा करने पर 10 हजार का प्रोत्साहन भी मिलेगा। इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराना है, जिससे वे बेहतर जीवन जी सकें।
योजना के तहत आवेदन करने के लिए आवेदक ईडब्ल्यूएस श्रेणी का होना चाहिए और उसकी वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख रुपये तक होनी चाहिए। आवेदक के पास निर्माण स्थल का वैध स्वामित्व संबंधी दस्तावेज होना अनिवार्य है और भूमि विवादित नहीं होनी चाहिए। परिवार के किसी सदस्य के नाम देश में कहीं भी अन्य पक्का मकान नहीं होना चाहिए और न ही परिवार ने पूर्व में किसी अन्य सरकारी आवास योजना का लाभ लिया हो।
आवेदन प्रक्रिया सीधी और पारदर्शी है। इच्छुक लाभार्थी जनसूचना केंद्र या डूडा कार्यालय में सीधे आवेदन कर सकते हैं। किसी बिचौलिए के झांसे में आने से बचने की सलाह दी गई है। आवेदन के बाद अधिकारियों द्वारा स्थल का जियो टैगिंग और भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सहायता राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में चरणबद्ध किस्तों में भेजी जाएगी।
नगर निगम को अब तक 14,621 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 4,677 पात्र और 2,823 अपात्र पाए गए हैं। शेष 7121 आवेदन अभी सत्यापन की प्रक्रिया में हैं। पार्षदों को जनता और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए, नगर आयुक्त ने उनसे अपने-अपने वार्डों के पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
