पश्चिमी चंपारण में 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा आज से शुरू, 43 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल
पश्चिमी चंपारण जिले में इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा 10 जनवरी से 20 जनवरी तक 228 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इस साल कुल 43,104 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार, परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त कराने के लिए शिक्षा विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
सभी केंद्रों पर प्रश्न पत्र, प्रैक्टिकल सामग्री और उत्तर पुस्तिकाएं सील बंद पहुंचाई गई हैं। केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। समिति ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस वर्ष इंटर की परीक्षा में शामिल हो रहे 43,104 परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश पत्र पहले ही जारी किए जा चुके हैं। यह प्रवेश पत्र केवल प्रायोगिक परीक्षा के लिए मान्य होगा, जबकि सैद्धांतिक परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र बाद में जारी किए जाएंगे। खास बात यह है कि केवल सेंटअप परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थी ही प्रायोगिक परीक्षा दे पाएंगे।
समिति के अनुसार, प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को ही सैद्धांतिक परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी। यदि कोई छात्र प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित रहता है, तो उसे मुख्य परीक्षा से वंचित किया जा सकता है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने विद्यालय से संपर्क कर परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त करें और समय पर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों।
