दरभंगा सड़क हादसा: टेंपो से टक्कर के बाद अज्ञात वाहन ने रौंदा, 2 दोस्तों की दर्दनाक मौत; bike accident
दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में एक दुखद सड़क दुर्घटना में दो दोस्तों की जान चली गई। कटासा-पनिसल्ला नीम चौक के पास अतरबेल-भरवाड़ा पथ पर टेंपो से टक्कर के बाद पल्सर बाइक सवार ये दोनों दोस्त पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। इस घटना में दोनों के सिर पर वाहन का पहिया चढ़ जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों दोस्त, सीतामढ़ी के राहुल कुमार (35) और दरभंगा के अमित कुमार (32), जो यूपीआई स्कैनर लगाने का काम करते थे, दरभंगा शहर से काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। टेंपो से टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर गए, जिसके बाद पीछे से आ रहे वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के पास मिले पहचान पत्र से उनके परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिससे परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
