बिहार में प्रदूषण का कहर: हाजीपुर की हवा सबसे जहरीली, पटना का AQI भी खराब श्रेणी में
राजधानी पटना सहित प्रदेश के 17 शहरों की हवा बुधवार को प्रदूषित रही। राजधानी के समनपुरा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 223 दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश में हाजीपुर की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रही। यहां का एक्यूआई 241 दर्ज किया गया। पटना का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 152 दर्ज किया गया। राजधानी के गांधी मैदान के आसपास का एक्यूआई 205 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में रहा। गांधी मैदान व समनपुरा में दिन भर धूल की स्थिति रहने से लोग परेशान रहे।
मौसम विज्ञानी के अनुसार, सर्द के दिनों में वायु की गुणवत्ता घटते-बढ़ते रहती है। तापमान कम होने के कारण हवा का घनत्व बढ़ता है। हवा में घनत्व के बढ़ने और तापमान कम होने के कारण प्रदूषित हवा नीचे रह जाती है। ऐसे में धुंध की तरह दिखाई पड़ती है। गर्म हवा ऊपर उठने के साथ ठंड हवा नीचे आती है। इससे वायुमंडल में व्याप्त धूलकण जमा होने लगती है।
पश्चिमी हवा में व्याप्त धूलकणों की वजह से शहर की वायु गुणवत्ता पर असर पड़ता है। इसके अलावा अलग-अलग जगहों पर हो रहे निर्माण कार्य के कारण भी हवा का स्तर खराब होता है। शहर के अलग-अलग जगहों पर लगातार सड़कों पर पानी का छिड़काव नियमित रूप से होने पर हवा को स्वच्छ रखा जा सकता है।
