ओवर स्पीड पर लगेगी लगाम: आगरा एक्सप्रेसवे पर अब इंटरसेप्टर की पैनी नजर, जानिए क्या है खास
एक्सप्रेसवे पर अक्सर देखा जाता है कि वाहन चालक स्पीड कैमरों से बचने के लिए गति धीमी कर लेते हैं और फिर आगे जाकर फिर से तेज रफ्तार पकड़ लेते हैं। ऐसे चालकों पर नकेल कसने के लिए अब इंटरसेप्टर गाड़ियां तैनात की जाएंगी। आगरा आरटीओ को चार इंटरसेप्टर वाहन मिले हैं, जिन्हें एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अलग-अलग जगहों पर तैनात किया जाएगा। ये वाहन ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहनों को पकड़कर उनका चालान काटेंगे।
यह कदम आगरा को ‘शून्य मृत्यु जिला’ बनाने के सरकारी लक्ष्य के तहत उठाया गया है। आगरा देश के सर्वाधिक सड़क हादसों वाले शहरों में से एक है, जहां हर साल सैकड़ों लोगों की जान जाती है। ओवर स्पीडिंग और नशे में वाहन चलाना हादसों के प्रमुख कारणों में से हैं। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान भी इस तरह के हादसों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
परिवहन विभाग द्वारा पिछले तीन महीनों में ओवरस्पीडिंग के 2200 से अधिक चालान काटे गए हैं। इंटरसेप्टर वाहनों की तैनाती से प्रवर्तन कार्रवाई को और मजबूती मिलेगी, जिससे सड़कों पर सुरक्षा बढ़ेगी और हादसों में कमी आने की उम्मीद है।
