उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल, जालौन और बहराइच के डीएम समेत पांच आईएएस बदले | up politics news
उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में शासन स्तर पर एक बड़ा कदम उठाया गया है। गुरुवार देर रात किए गए इस फेरबदल के तहत जालौन और बहराइच के जिलाधिकारियों समेत कुल पांच आईएएस अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल में नगर आयुक्त, विशेष सचिव और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। (up politics news)
तबादला सूची के अनुसार, जालौन के डीएम रहे राजेश कुमार पाण्डेय को अब बहराइच की कमान सौंपी गई है, जबकि विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग रहे समीर को जालौन का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा, झांसी की नगर आयुक्त रहीं आकांक्षा राना को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। बाराबंकी के मुख्य विकास अधिकारी रहे बी. सूदन को झांसी नगर निगम का नगर आयुक्त और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव रहे पंकज वर्मा को बाराबंकी का सीडीओ बनाया गया है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के अलावा शासन ने छह पीसीएस स्तर के अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए किए गए इन बदलावों से जिला स्तर पर विकास कार्यों और प्रशासनिक कसावट को नई गति मिलने की उम्मीद है। आम जनता से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के लिए सरकार लगातार प्रशासनिक तंत्र की समीक्षा कर रही है।
