UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में दो दिन की उमस के बाद फिर बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बारिश के थमने के बाद निकली तेज धूप ने तापमान में इजाफा कर दिया है, जिससे उमस भरी गर्मी का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। तापमान बढ़ने से लोगों को पसीने और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर से गुजर रही मानसून द्रोणिका और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र की वजह से मौसमी बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अगले कुछ दिनों तक धूप और बादलों की आंखमिचौली का यह दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि, वीकेंड तक मौसम के करवट लेने और राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद जताई गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सितंबर के मध्य तक मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू हो जाएगा। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों समेत कई इलाकों में 15 से 25 सितंबर के बीच मानसून पूरी तरह से विदा हो सकता है। इस आखिरी दौर की मानसूनी बारिश के बाद धीरे-धीरे रात और सुबह के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
