हनुमान अंश पार्ट-2 की प्लानिंग: ब्रज की झलक के साथ दिखेगी ‘Divine Detour’ की कहानी
कम बजट की फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी छाप छोड़ी है। करीब दो करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक लगभग 12 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। फिल्म के सीक्वल की प्लानिंग को लेकर निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और अभिनेता शोभिनव सत्या आगरा पहुंचे। उन्होंने बताया कि पार्ट-2 में नीम करौरी बाबा के जन्मस्थान फिरोजाबाद से लेकर आगरा होते हुए मथुरा तक के ब्रज क्षेत्र की झलक दिखाई जाएगी।
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, जो पहले डॉक्टर थे, ने नीम करौली बाबा की कहानी को अपनी किताब ‘डिवाइन डिटूर’ में संजोया है, जिससे प्रेरित होकर यह फिल्म बनाई गई है। फिल्म का नाम ‘हनुमान अंश’ इसलिए रखा गया क्योंकि मंदिर के आसपास लोग बाबा को इसी नाम से जानते हैं। यह फिल्म पारंपरिक जीवनी से हटकर भक्ति, सेवा और समर्पण की यात्रा को दर्शाती है।
अभिनेता शोभिनव सत्या ने कहा कि फिल्म का संदेश ‘सभी से प्रेम करो, सेवा करो, सबको खिलाओ और राम का स्मरण रखो’ है। उन्होंने बताया कि सेट पर मांस-मदिरा का सेवन नहीं किया गया, जो फिल्म की सात्विक प्रकृति को दर्शाता है। दर्शकों ने फिल्म में चमत्कार के बजाय सेवा और प्रेम के चित्रण की सराहना की है, जिसने उनके दिलों को छुआ है। इस फिल्म की सफलता ने साबित किया है कि सच्ची आस्था और मजबूत संदेश के साथ कम बजट की फिल्में भी बड़ा प्रभाव डाल सकती हैं।
