नीरज सिंह के जन्मदिन होर्डिंग पर चला नगर निगम का बुलडोजर, समर्थकों में भारी आक्रोश
लखनऊ नगर निगम ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और उत्तर प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष नीरज सिंह के जन्मदिन से ठीक पहले लगाए गए बधाई संदेशों वाले दर्जनों होर्डिंग को शहर के प्रमुख मार्गों से हटा दिया है। यह कार्रवाई बुधवार दोपहर को की गई, जिससे बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश है। कई जगहों पर नगर निगम के कर्मचारियों और बीजेपी नेताओं के बीच झड़प भी हुई।
नीरज सिंह का जन्मदिन गुरुवार को है, जिसके मद्देनजर बीजेपी नेताओं और समर्थकों ने लोहिया पथ, संतामूलक चौक और दस-नब्बे चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिंग लगवाए थे। इन होर्डिंगों में नीरज सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई थीं।
अचानक नगर निगम के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर निगम की टीम हरकत में आई और जोनल अधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में होर्डिंग हटाने का अभियान शुरू किया। एक-एक कर कई स्थानों से होर्डिंग हटाए गए और उन्हें ट्रक में भरकर जब्त कर लिया गया।
होर्डिंग हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर मौजूद बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। कुछ स्थानों पर निगम अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई। नेताओं का आरोप था कि यह कार्रवाई चुनिंदा तरीके से की जा रही है। हालांकि, विरोध के बावजूद निगम की टीम ने कार्रवाई जारी रखी।
अधिकारियों ने इस कार्रवाई के कारणों पर खुलकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि यह कदम व्यक्तिगत इच्छा से नहीं, बल्कि ‘ऊपर से मिले निर्देशों’ के आधार पर उठाया गया है। इस पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर जन्मदिन की बधाई वाले होर्डिंगों पर अचानक कार्रवाई क्यों की गई और इसके पीछे किसका आदेश था। इस घटना ने शहर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।
