Agra News: व्यापारी को चेक देकर 5 किलो चांदी हड़पी, जानलेवा हमला
आगरा के लोहामंडी क्षेत्र में चांदी के लेन-देन को लेकर एक गंभीर विवाद सामने आया है। गोकुलपुरा निवासी चांदी पॉलिश कारोबारी मयंक यादव ने संदीप वर्मा और उसके परिजनों पर करीब 15 लाख रुपये कीमत की पांच किलो चांदी हड़पने, धोखाधड़ी करने और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मयंक ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसका लोहामंडी निवासी संदीप वर्मा से व्यावसायिक संबंध था। आरोप है कि संदीप ने उससे पांच किलो चांदी ली और उसे अपने काम में लगा लिया। जब चांदी वापस करने का समय आया तो संदीप ने चेक दे दिया और कुछ समय मांगा। जान-पहचान होने के कारण मयंक उसे समय देता रहा।
इसके बाद, 14 जुलाई को जब मयंक अपने चाचा संजय यादव के साथ बकाया चांदी मांगने पहुंचा, तो संदीप, उसकी पत्नी गौरी, पिता राकेश उर्फ रामकुमार, मां और भाई राहुल ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर संदीप और राहुल ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की, जबकि रामकुमार ने डंडे से हमला किया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने पिस्टल लाने की धमकी देते हुए उसके चाचा को जान से मारने की चेतावनी भी दी। इस घटना ने स्थानीय व्यापारिक समुदायों के बीच सुरक्षा और विश्वास के मुद्दों पर चिंता जताई है।
