यूपी पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता में सीतापुर का दबदबा, Moradabad में हुआ आयोजन
मुरादाबाद की डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी में 27वीं यूपी पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता का दूसरा दिन रोमांचक रहा। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न जोन से आए घुड़सवारों ने अपने साहस और घोड़ों के साथ उत्कृष्ट तालमेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सीतापुर की टीम का दबदबा देखने को मिला, जिसने रिले और ब्रावो शो जंपिंग जैसी महत्वपूर्ण स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में मुरादाबाद पुलिस अकादमी के साथ सीतापुर, बरेली, अलीगढ़, लखनऊ और मेरठ जोन की टीमों के 37 घोड़े और घुड़सवार शामिल हुए। शनिवार को ब्रावो शो जंपिंग, टैंट पैंगिंग व्यक्तिगत व रिले प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें घुड़सवारों ने अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
सीतापुर ने रिले और शो जंपिंग में मारी बाजी
यूपी पुलिस रिले प्रतियोगिता में सीतापुर बी इकाई ने प्रथम स्थान हासिल किया। टीम की ओर से आरक्षी अविनाश कुमार ने घोड़ा शाहीन और आरक्षी कुलदीप कुमार ने घोड़ा दारा के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। घुड़सवारों ने संतुलन, गति और बाधाओं को पार करने में उच्च स्तर की दक्षता दिखाई। मुरादाबाद पुलिस अकादमी-बी को दूसरा स्थान मिला, जबकि मुरादाबाद पुलिस अकादमी ए तीसरे नंबर पर रही।
ब्रावो शो जंपिंग स्पर्धा में भी सीतापुर टीम के घुड़सवार कुलदीप के घोड़े दारा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुरादाबाद पुलिस अकादमी के घुड़सवार बीर सिंह के घोड़े गुलाब ने दूसरा, लखनऊ के घुड़सवार अविनाश कुमार की घोड़ी शाहीन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
टेंट पैगिंग और ड्रेसाज के नतीजे
यूपी पुलिस टैंट पैगिंग व्यक्तिगत स्पर्धा में बरेली टीम के घुड़सवार तरुण सागवान के घोड़े मूमल ने प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरा स्थान भी बरेली के घुड़सवार रविंद्र कुमार के घोड़े रैम्बो को मिला। सीतापुर टीम के घुड़सवार अजय कुमार के घोड़े चंचल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा, यूपी पुलिस ड्रेसाज व्यक्तिगत टीम स्पर्धा में मुरादाबाद पुलिस अकादमी के घुड़सवारों ने प्रथम स्थान हासिल किया। मुरादाबाद टीम के मुकेश बाबू, रजनीश कुमार यादव और राज नरेश ने अपने घोड़ों के साथ शानदार प्रदर्शन किया। अलीगढ़ टीम दूसरे और मेरठ टीम तीसरे स्थान पर रही।
