नीतीश कुमार ने 10वीं बार ली सीएम पद की शपथ, जीविका दीदियों में जगी नई उम्मीदें
बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने गुरुवार को दसवीं बार शपथ लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी पदभार ग्रहण किया। इस महत्वपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण राज्य भर के प्रखंड स्तरीय जीविका कार्यालयों में दिखाया गया, जहाँ जीविका से जुड़ी हजारों महिलाओं ने बड़ी उत्सुकता से इसे देखा।
कार्यस्थलों पर मौजूद जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के पुनः पदभार संभालने को राज्य के विकास की एक नई राह के रूप में देखा। उनकी आशा है कि बिहार सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन के लिए चलाई जा रही योजनाओं को और अधिक बल मिलेगा। दीदियों ने यह उम्मीद भी जताई कि उनके स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित रोजगार सृजन के प्रयासों को विस्तार मिलेगा और नई आर्थिक संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
इस शपथ ग्रहण के अवसर पर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल देखा गया। भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा सहित पार्टी के विभिन्न कार्यालयों में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की। युवा भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने इस ऐतिहासिक क्षण को बिहार की राजनीति में स्थिरता, सुशासन और विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत बताया। गयाजी में कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक खुशी मनाई और नवगठित मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, संतोष ठाकुर, संजय यादव, कुंदन सिंह, मंटू कुमार, बबलू गुप्ता, सुनील रविदास, अजय कुमार, राजन पासवान, सागर कुमार, रवि रंजन कुमार, चंदन कुमार, लक्ष्मी राम, राजकुमार सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बिहार में नई सरकार के गठन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बधाई दी। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की प्रदेश सचिव रीना सिंह, बाराचट्टी प्रखंड के भाजपा मंडल अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष अजय सिंह चन्द्रवंशी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद, जदयू नेता रामविलास शर्मा और विजय प्रसाद सिन्हा ने संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, हम के संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, लोजपा (रामविलास) के संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा रालोसपा के संरक्षक उपेंद्र कुशवाहा को बधाई प्रेषित की।
विधान पार्षद संतोष कुमार सुमन को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर भी उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। विधायक ज्योति देवी ने नई सरकार की तुलना महाभारत के पांच पांडवों से करते हुए कहा कि जनता ने विकास और सुशासन को आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट जनादेश दिया है।
