साहिबाबाद में मकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान; Ghaziabad news
गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक मकान में भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिससे घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। यह घटना साहिबाबाद के मोहननगर स्थित ओमनगर गली नंबर चार में हुई। गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे मकान की खिड़की से आग की लपटें निकलती देख पड़ोसियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। आग इतनी तेजी से फैली कि पहली मंजिल से शुरू होकर भूतल तक पहुंच गई। इससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक मकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल चुका था। आग के कारणों की जांच की जा रही है।
