मेरठ: 500 मीटर नाली से निकली पांच ट्रॉली कूड़ा, अफसर भी रह गए हैरान
मेरठ के वार्ड 65 खैर नगर में चलाए गए विशेष सफाई अभियान ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। लगभग 500 मीटर लंबी नाली की सफाई के दौरान पांच ट्रॉली से अधिक कूड़ा और सिल्ट निकला, जिसमें 70 प्रतिशत से अधिक प्लास्टिक कचरा शामिल था। यह दृश्य देखकर निगम के अधिकारी भी हैरान रह गए।
अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर सिंह ने स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने शिकायत की कि नालियों की सफाई पिछले एक महीने से नहीं हुई थी, जिसके कारण इतना कचरा जमा हो गया था। कुछ निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि कूड़ा उठाने के बाद सफाई कर्मचारी उसे नाले में ही डाल देते हैं। इस पर अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी कि ऐसा करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे नालियों को कूड़ादान न बनाएं, क्योंकि इससे जल निकासी बाधित होती है और बीमारियां फैलती हैं। साथ ही, सफाई निरीक्षकों और सफाई नायकों को निर्देश दिया गया कि यदि साप्ताहिक बंदी के दिन भी नालियों की सफाई सुनिश्चित नहीं की गई, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
खैरनगर दवा बाजार में सड़क निर्माण का अधूरा कार्य भी चर्चा का विषय रहा। निवासियों ने पूछा कि आधी बन चुकी सड़क का बाकी हिस्सा कब बनेगा। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि इसका एस्टीमेट तैयार है और टेंडर प्रक्रिया में है।
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की स्थिति पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बीवीजी कंपनी के सुपरवाइजर से जानकारी ली। पता चला कि खैर नगर में लगभग 2000 घरों और दुकानों के मुकाबले केवल 70 लोग ही 80 रुपये मासिक यूजर चार्ज देकर कूड़ा दे रहे हैं। कई प्रयासों के बावजूद, अधिकतर लोग कूड़ा देने से कतरा रहे हैं। अधिकारियों ने नालियों और सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
स्थानीय निवासियों ने सफाई की नियमितता पर जोर दिया। डॉ. परवेज अख्तर ने कहा कि दुर्गंध भरे वातावरण से राहत मिली है, लेकिन यह सफाई सप्ताह में एक बार अवश्य होनी चाहिए। नदीम ने सुझाव दिया कि संकरी गलियों में ई-रिक्शा भेजकर कूड़ा एकत्र किया जाए। देवेंद्र भसीन, अध्यक्ष जिला मेरठ केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन, ने व्यापारियों की ओर से कहा कि नियमित झाड़ू और सुबह-शाम कूड़ा गाड़ी की व्यवस्था की जाए।
कैब चालक ने खोला सौरभ हत्याकांड का राज: 14 दिन के टूर पर मुस्कान-साहिल की मौज-मस्ती
मेरठ देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर, AQI 411 पार: गाजियाबाद पहले स्थान पर
युवती की फोटो वायरल करने की धमकी, शारीरिक संबंध बनाने का बनाया दबाव
57 वर्षीय कौशल कुमार ने गोवा में रचा इतिहास, बने मेरठ के पहले एमईएस सिविलियन ‘आयरनमैन’
मेरठ: तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मातम
मेरठ में किशोरी से छेड़छाड़, परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस हरकत में
