मिलक में दीवार काटकर लाखों की शराब चोरी! दुकान से गायब हुई 58 पेटी, CCTV फुटेज में क्या दिखा?
मिलक में चोरों ने एक बार फिर अपने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक शराब की दुकान को निशाना बनाया है। अज्ञात चोर दुकान की दीवार काटकर लाखों रुपये की शराब चोरी कर ले गए। सुबह दुकान पर पहुंचे सेल्समैन ने जब दीवार कटी हुई देखी, तो उसके होश उड़ गए। उसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
सिलई बड़ा गांव में हरदोई निवासी ठेकेदार चंदेश्वरी की देशी मदिरा और बीयर की दुकान है। गुरुवार की रात सेल्समैन टांडा निवासी विकास कुमार दुकान बंद करके अपने घर चला गया था। रात के किसी समय अज्ञात चोरों ने दुकान की दीवार काट दी और अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान से 58 पेटी देशी शराब और नौ बीयर की कैन चोरी कर ली।
सेल्समैन विकास कुमार ने बताया कि सुबह जब वह दुकान पहुंचा, तो उसे चोरी की जानकारी मिली। उसने तत्काल सिलई बड़ा गांव पुलिस चौकी में खबर दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जोर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोर दुकान से शराब चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दिए। सेल्समैन के मुताबिक, चोर कुल 1,98,870 रुपये की शराब चोरी कर ले गए हैं।
कोतवाल पुष्कर सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शराब की दुकान में दीवार काटकर चोरी की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
