कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त, New Year पर भी नहीं मिलेगी राहत | Cold Wave News
दिसंबर का आखिरी दिन जिले में इस मौसम का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ। कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। दिन के समय भी तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक ही रह पाया, जिससे गलन वाली सर्दी का एहसास हुआ। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक, लोग ठंड से बचने के लिए दिन में भी अलाव जलाकर बैठे दिखाई दिए।
पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। बर्फीली हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पूरे दिन आसमान में धुंध और धुएं की परत छाई रही, जिससे धूप का असर न के बराबर रहा। शाम होते ही घना कोहरा छा गया, जिसके चलते सड़कों और हाईवे पर सन्नाटा पसर गया। लोगों ने अपने काम जल्दी निपटाकर घरों की ओर लौटना शुरू कर दिया था।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि नए साल के पहले सप्ताह में भी ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। गलनभरी सर्दी और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को आने वाले दिनों में भी सावधानी बरतने और गर्म कपड़ों में रहने की सलाह दी गई है।
