जम्मू-कश्मीर में तेंदुए का आतंक: बच्ची की मौत, 7 भेड़ें शिकार; इलाके में दहशत
जम्मू-कश्मीर में तेंदुए के हमलों ने लोगों के बीच दहशत फैला दी है। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर के शिवा गांव में एक तेंदुए ने भेड़ों के झुंड पर हमला कर सात भेड़ों को मार डाला और कई अन्य को घायल कर दिया। यह घटना बुधवार देर रात शौकत अहमद डार के भेड़शाला में हुई, जिससे स्थानीय निवासियों में भय व्याप्त है।
वहीं, दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ तेंदुए ने एक 5 वर्षीय बच्ची, खुशबू पुत्री रियाज़ अहमद पसवाल, पर हमला कर उसकी जान ले ली। बच्ची शौच के लिए अपने घर के बाहर निकली थी तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। उसकी चीखें सुनकर परिजन और आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक तेंदुआ बच्ची को अपना शिकार बना चुका था।
दोनों ही घटनाओं के बाद, वन्यजीव विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं और तेंदुए को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चला रही हैं। स्थानीय लोगों ने विभाग से अपील की है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ा जाए ताकि और कोई अनहोनी न हो। इन हमलों ने जम्मू-कश्मीर के इन इलाकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
