लखीमपुर खीरी: 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार, लखनऊ रेफर
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक शादी समारोह के दौरान तीन साल की मासूम के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी 35 वर्षीय युवक श्याम पाल उर्फ पल्लू को गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, सदर कोतवाली की चौकी महेवागंज के एक गांव निवासी तीन साल की बच्ची अपनी मां के साथ मितौली थाना क्षेत्र के एक गांव में आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने गई थी। बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही मासूम को मौका पाकर गांव के ही एक युवक ने गोद में उठा लिया और उसे लेकर फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब घरवालों ने बच्ची को नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। लगभग दो से तीन घंटे बाद, आरोपी युवक बच्ची को गांव के बाहर से गोद में लिए हुए दिखाई दिया। बच्ची के अस्त-व्यस्त कपड़ों को देखकर मां को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद परिजनों ने युवक को पकड़कर भीखमपुर चौकी पर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने तत्काल मामले में कार्रवाई करते हुए बच्ची को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। सूत्रों के मुताबिक, बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला महिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ से नाजुक हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी श्याम पाल उर्फ पल्लू को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि पीड़ित बच्ची को न्याय मिल सके और समाज में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
