अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में ऐतिहासिक दीपावली, ‘जय श्री राम’ के दीपों से रोशन हुआ परिसर
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने रविवार को एक नई ऐतिहासिक शुरुआत की, जब पहली बार परिसर के भीतर भव्य रूप से दीपावली का पर्व मनाया गया। हिंदू छात्रों के उत्साह और विश्वविद्यालय प्रशासन की अनुमति से यह दीपोत्सव अप्रवासी छात्र केंद्र (एनआरएससी) में आयोजित किया गया। छात्रों ने मिलकर दीपकों से ‘जय श्री राम’ और ‘एएमयू’ की आकृतियां उकेरीं, जिससे पूरा परिसर जगमगा उठा। इस दौरान शानदार आतिशबाजी भी की गई और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर शुभकामनाएं दी गईं, जिसने सांप्रदायिक सौहार्द का अद्भुत नजारा पेश किया।
यह आयोजन सामाजिक विज्ञान व जनसंचार विभाग के छात्र अखिल कौशल के प्रयासों से संभव हो पाया, जिन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से दीपोत्सव, आतिशबाजी और मिठाइयों के साथ दीपावली मनाने की अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद छात्रों ने सुबह से ही तैयारी में जुटकर इसे एक यादगार पर्व बना दिया। विश्वविद्यालय के किसी हॉल में इस तरह का यह पहला आयोजन था।
दीपोत्सव में विश्वविद्यालय के प्राक्टर प्रो. एम. वसीम अली भी शामिल हुए और उन्होंने छात्रों द्वारा बांटी गई मिठाई खाई। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए दो थानों की पुलिस भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रही। कार्यक्रम में केवल विश्वविद्यालय के छात्रों और स्टाफ को ही शामिल होने की अनुमति थी, बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित था, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
छात्र नेता अखिल कौशल ने बताया कि यह हिंदू छात्रों की एक बड़ी कामयाबी है और विश्वविद्यालय के इतिहास में इस तरह का यह पहला आयोजन हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी हॉल में उन्होंने इससे पहले होली मनाने की अनुमति भी ली थी, जिसमें हिंदू छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। प्राक्टर प्रो. एम. वसीम अली ने पुष्टि की कि आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, जो एएमयू में सहिष्णुता और आपसी सम्मान की नई परंपरा को दर्शाता है।
