कानपुर: पत्नी पर स्लो पॉइजन देने का आरोप, पति ने लगाई जान बचाने की गुहार | Kanpur crime news
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके मायके पक्ष के छह लोगों के खिलाफ स्लो पॉइजन देकर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। युवक का दावा है कि उसकी पत्नी चाय और खाने में कथित तौर पर कोई रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे धीरे-धीरे मारने का प्रयास कर रही थी। इसके साथ ही, उस पर छह लाख रुपये के जेवर गायब करने और 70 लाख रुपये की मांग करने का भी आरोप है। रकम न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर रावतपुर पुलिस ने पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला सार्वजनिक होने के बाद लोगों में चिंता है कि कैसे घरेलू रिश्ते इतनी भयावह साजिशों का शिकार हो सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, हिमांशु गुप्ता की शादी 30 जनवरी 2024 को केडीए कॉलोनी निवासी ज्योति गुप्ता से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पत्नी छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगी। आरोप है कि पत्नी के हाथ की बनी चाय और खाना खाने के बाद हिमांशु को उल्टी, चक्कर और मतिभ्रम जैसी शिकायतें होने लगीं। बाद में परिवार के अन्य सदस्यों की भी तबीयत बिगड़ने लगी। एक दिन जल्दी घर लौटने पर हिमांशु ने पत्नी को मोबाइल पर किसी से यह कहते हुए सुन लिया कि वह साजिश के तहत उन्हें स्लो पॉइजन दे रही है और उनकी मौत के बाद पूरी संपत्ति की मालकिन बन जाएगी। इसके बाद उन्होंने घर में हिडन कैमरे लगवा दिए।
युवक का दावा है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग में पत्नी रसोई में चाय में कोई दवा मिलाती दिखाई दी। इसी दौरान लॉकर से छह लाख के जेवर भी गायब हो गए। इसके बाद पत्नी ज्योति, उसके भाई शुभम, बहन आरती, बहनोई शुभम, चाचा मनोज और चाची कोमल ने मिलकर 70 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
