कानपुर सर्विस सेंटर मैनेजर पर युवती से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, FIR दर्ज
कानपुर के गोविंदनगर इलाके में एक प्रतिष्ठित सर्विस सेंटर में काम करने वाली युवती ने मैनेजर पर दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। बाबूपुरवा निवासी पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह 10 जुलाई 2025 से सर्विस सेंटर में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम कर रही थी। आरोप है कि सर्विस सेंटर का मैनेजर राजू पिछले काफी समय से उसके साथ छेड़खानी कर रहा था और गलत काम करने के लिए दबाव बना रहा था। विरोध करने पर मैनेजर ने पीड़िता की मूल मार्कशीट और वेतन रोकने की धमकी भी दी थी।
पीड़िता के अनुसार, 23 जनवरी की शाम करीब 7 बजे जब वह सर्विस सेंटर में अकेली थी, तब मैनेजर राजू ने उसे कमरे में अकेला पाकर उसका हाथ पकड़ा और कुर्सी पर खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह पीड़िता सर्विस सेंटर से बचकर भागने में सफल रही।
इस घटना के बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी रिकेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी मैनेजर राजू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। इस घटना ने कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
