कानपुर News: शिक्षकों को प्रताड़ित करने के आरोप में खंड शिक्षा अधिकारी निलंबित
कानपुर में शिक्षकों को प्रताड़ित करने और विभागीय कार्यप्रणाली में बाधा डालने के आरोप में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विधनू को निलंबित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा निदेशक (बेसिक), प्रयागराज ने यह कार्रवाई की है। निलंबन के बाद उन्हें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कानपुर नगर से संबद्ध कर दिया गया है।
आदेश के अनुसार, बीईओ विधनू पर शिक्षकों के अवकाश आवेदनों को बिना किसी ठोस कारण के निरस्त करने का आरोप है। इसमें बाल्य देखभाल अवकाश और चिकित्सा अवकाश जैसे महत्वपूर्ण आवेदन शामिल थे। इससे विभाग की छवि धूमिल हो रही थी।
इसके अलावा, उन पर जिलाधिकारी स्तर की बैठकों में नियमित रूप से अनुपस्थित रहने का भी आरोप है। उन्होंने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के समर कैंप मानदेय को भी समय पर जारी नहीं किया। सेवानिवृत्त सहायक अध्यापक जियाउल्लाह खां की पत्रावली को भी समय पर आगे नहीं बढ़ाया गया, जिससे जांच प्रभावित हुई।
जांच समिति के सामने भी उन्होंने बार-बार समय मांगा और जवाब नहीं दिया। इन सभी आरोपों के चलते उन पर विभागीय कार्यप्रणाली में बाधा डालने का आरोप लगा है। अब इस पूरे मामले की जांच मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) करेंगे।
