कानपुर गैंगरेप: आरोपी दारोगा पर 50 हजार का इनाम, 4 राज्यों में पुलिस कर रही तलाश | Kanpur crime news
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ हुए गैंगरेप के मामले में फरार चल रहे दारोगा अमित मौर्य पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। आरोपी दारोगा घटना के बाद से ही फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की चार टीमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ अन्य तीन राज्यों में भी दबिश दे रही हैं। पुलिस को प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ और बनारस में उसकी लोकेशन मिलने की सूचना है, लेकिन पिछले दो दिनों से उसका मोबाइल बंद होने के कारण उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
पुलिस की टीमें दारोगा के गृह जनपद गोरखपुर में भी उसकी तलाश कर रही हैं। सचेंडी थाना प्रभारी स्वयं उसकी तलाश में लगे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दारोगा के परिजनों से भी संपर्क किया गया है ताकि वह आत्मसमर्पण कर दे। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि इस घटना के संबंध में यूट्यूबर शिवबरन यादव को पहले ही जेल भेजा जा चुका है और अपराध में इस्तेमाल की गई काली रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली गई है।
इस मामले में कथित लापरवाही के चलते पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दिनेश त्रिपाठी को हटाया गया था और सचेंडी थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विक्रम सिंह को निलंबित किया गया था। पुलिस आयुक्त ने डीजीपी को पत्र लिखकर लापरवाही बरतने वाले सभी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के चार दिन बाद पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया गया।
अदालत ने पुलिस को फटकार भी लगाई थी क्योंकि नाबालिग पीड़िता के बावजूद पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों को तुरंत लागू नहीं किया गया था। बाद में प्राथमिकी में संशोधन कर संबंधित धाराओं को शामिल किया गया। पुलिस ने बुधवार को यूट्यूबर शिवबरन यादव को गिरफ्तार किया था, जबकि दारोगा अमित कुमार मौर्य फरार हो गया था। प्राथमिकी के अनुसार, कक्षा सात की पढ़ाई छोड़ने वाली छात्रा को सोमवार रात अगवा कर सुनसान जगह पर ले जाया गया था, जहां उसके साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया और फिर बेहोश हालत में घर के बाहर छोड़ दिया गया।
