कानपुर: 2.33 क्विंटल गांजा संग पांच तस्कर गिरफ्तार, Nepal से तस्करी का खुलासा
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सजेती और किदवईनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक महिला सहित पांच तस्करों को पकड़ा है। इनके कब्जे से कुल 2.33 क्विंटल गांजा बरामद किया गया है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये तस्कर नेपाल और ओडिशा जैसे राज्यों से गांजा लाकर कानपुर में सप्लाई करते थे। इस मामले में पुलिस ने दो लग्जरी कारों को भी जब्त किया है।
पुलिस कमिश्नर रघुबीरलाल ने डीसीपी साउथ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में इस गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सजेती पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बांध मोड़ पर दो संदिग्ध कारों को रोका। तलाशी लेने पर बोरियों में पैक करीब 2.12 क्विंटल गांजा मिला। कार सवार शिवम, पुष्पेन्द्र सिंह और रोहित सविता से पूछताछ में पता चला कि वे बांदा से गांजा लाकर कानपुर और हमीरपुर जैसे जिलों में सप्लाई करते थे।
वहीं, किदवईनगर पुलिस ने कंजड़नपुरवा इलाके से दीपा और दीप नाम के दो तस्करों को पकड़ा। इनके पास से 21.3 किलोग्राम गांजा और करीब 5.43 लाख रुपये नकद बरामद हुए। दीप के खिलाफ पहले भी आबकारी और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है।
आरोपियों ने खुलासा किया कि वे हर चक्कर के लिए 75 हजार रुपये लेते थे और महीने में दो बार तस्करी करते थे। वे बांदा से गांजा लाकर बिधनू के संजय और सरताज को सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई से शहर में मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने में मदद मिलेगी।
