कानपुर देहात: युवक ने घर में लगाई फांसी, पुलिस कर रही जांच | Kanpur Dehat news
कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के कुरारी गांव में रविवार देर रात एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से घर में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 24 वर्षीय धनंजय सिंह बेंगलुरु में प्राइवेट नौकरी करता था और लगभग पंद्रह दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से गुमसुम और परेशान दिख रहा था।
मध्यरात्रि के बाद उसने घर के अंदर जीने के बयाले में धोती से फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जानकारी होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मगटा चौकी प्रभारी ललित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। फॉरेन्सिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
गजनेर थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से पूछताछ में आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
