कानपुर crime news: शिवली में शराब ठेके का शटर काटकर लाखों की चोरी, 32 पेटी शराब और नगदी गायब
कानपुर नगर के शिवली कोतवाली क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है। ताजा मामला भेवान गांव का है, जहां शुक्रवार रात चोरों ने एक शराब ठेके को निशाना बनाया। चोरों ने दुकान का शटर आधा काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी 32 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर चुरा ली। चोरी हुई शराब की कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये आंकी गई है।
चोरों ने शराब के साथ-साथ दुकान में रखी 9 हजार रुपये की नगदी भी पार कर दी। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोरों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा और डीबीआर भी अपने साथ ले गए। शनिवार सुबह जब सफाई कर्मचारी दुकान पर पहुंचा तो उसने शटर कटा देखा और सेल्समैन को सूचना दी।
सूचना मिलने पर सेल्समैन जय गोपाल ने दुकान के अनुज्ञापी और शिवली पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस को घटनास्थल के पास से एक लोहे का सब्बल भी बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और संदिग्ध चोरों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवली क्षेत्र में गश्त और पिकेट की कमी के कारण चोर बेखौफ हो गए हैं। हाल ही में 3 मार्च को भी आजाद नगर शिवली में राघव शुक्ला के घर से लाखों के आभूषण और नगदी चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक उस मामले में रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की है। इससे लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ रही नाराजगी है।
