कासगंज: दुकान गई पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, हालत गंभीर, अलीगढ़ रेफर
उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना हुई है, जहाँ एक पांच वर्षीय मासूम बालिका को अपनी हवस का शिकार बनाया गया। यह घटना नगर के एक मोहल्ले की है, जहाँ घर के बाहर स्थित एक दुकान पर खाने की चीज लेने गई बालिका को एक युवक ने अगवा कर लिया और दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं।
जानकारी के अनुसार, बरेली के नवादा निवासी करीब 20 वर्षीय युवक अरमान, जो पिछले कुछ दिनों से अपने बहनोई वसीम के घर कासगंज में ठहरा हुआ था, ने शुक्रवार की शाम करीब सात बजे इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि जब पड़ोस की पांच वर्षीय बालिका परचूनी की दुकान पर कुछ लेने गई, तो अरमान ने उसे गोद में उठा लिया और बहला-फुसलाकर पास के एक खाली प्लाट में ले गया। वहां उसने अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी युवक फरार हो चुका था।
आसपास के लोगों ने घायल अवस्था में बालिका को देखा और तुरंत उसके परिजनों को सूचित किया। आनन-फानन में परिजन बच्ची को जिला अस्पताल ले गए, जहाँ उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बालिका की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे गहन चिकित्सा के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया है।
इस संबंध में सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पीड़ित परिवार की ओर से अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के उपरांत आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
